PM मोदी के चीते-कबूतर वाले बयान पर ओवैसी का तंज, लिखा, ‘और रेपिस्ट…’

Summary :

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश पहले कबूतर छोड़ा करता था और आज चीता छोड़ने का सामर्थ्य रखता है। प्रधानमंत्री के इस बयान पर एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने तंज कसते हुए कहा, ‘और रेपिस्ट?’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के गांधीनगर में डिफेन्स एक्सपो 2022 का उद्धघाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश पहले कबूतर छोड़ा करता था और आज चीता छोड़ने का सामर्थ्य रखता है। प्रधानमंत्री के इस बयान पर एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने तंज कसा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को रीट्वीट करते हुए ओवैसी ने लिखा कि “और रेपिस्ट…” हालांकि ओवैसी ने किसी का जिक्र नहीं किया, लेकिन उनके इस ट्वीट को बिलकिस बानो केस से जोड़ो जा रहा है। दरअसल, गुजरात सरकार ने हाल ही में देश के सबसे चर्चित बिलकिस बानो रेप केस के 11 दोषियों को रिहा कर दिया था। इसे लेकर बीजेपी सरकार चौतरफा आलोचना का सामना कर रही है।


SC में 29 नवंबर को अगली सुनवाई

बिलकिस बानो के साथ गैंगरेप के दोषियों की रिहाई के खिलाफ दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को सुनवाई हुई थी। सुप्रीम कोर्ट ने इस दौरान कहा कि 11 दोषियों की रिहाई को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर गुजरात सरकार का जवाब ‘बहुत स्थूल’ है, जिसमें तथ्यात्मक बयानों के बजाय, फैसलों की एक श्रृंखला पेश की गई है।
गुजरात सरकार ने एक हलफनामे में सुप्रीम कोर्ट को बताया कि उसने बिलकिस बानो मामले में 11 दोषियों को रिहा करने का फैसला इसलिए किया, क्योंकि उन्होंने जेल में 14 साल से अधिक बिताए थे और उनका व्यवहार अच्छा पाया गया था। केंद्र ने भी इसका अनुमोदन किया था। सुप्रीम कोर्ट में अब इस मामले की अगली सुनवाई 29 नवंबर को होगी।

Desk Team