सात अजूबों में शामिल ताजमहल को लेकर शुरू हुआ विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। बीजेपी विधायक संगीत सोम के विवादित बयान पर अब एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने पलटवार किया है। असदुद्दीन ओवैसी ने ट्वीट कर पलटवार करते हुए सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले से तिरंगा फहराना बंद कर देंगे क्योंकि वह भी गद्दारों ने बनाया था? क्या मोदी और योगी घरेलू और विदेशी पर्यटकों से कहेंगे कि वे ताजमहल को देखने ना आएं? यहां तक कि दिल्ली में हैदराबाद हाउस को ‘गद्दारों’ ने ही बनाया था। क्या मोदी यहां विदेशी मेहमानों की मेजबानी छोड़ देंगे?
संगीत सोम ने मेरठ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। बाबर, अकबर और औरंगजेब जैसे जो लोग देश के गद्दार थे उन्हें इतिहास में महापुरुष बनाकर पेश किया गया, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।
सोम ने कहा था कि इनका नाम इतिहास से हटेगा। देश के असली महापुरुष महाराणा प्रताप, शिवाजी आदि का इतिहास अब स्कूल कॉलेजों में बच्चों को पढ़ाया जाएगा। अयोध्या में राम मंदिर और मथुरा में कृष्ण मंदिर भव्य बनेगा, इनके निर्माण को कोई नहीं रोक सकता।


Download Android App
Download iOS App



