मध्य प्रदेश के गृह मंत्री और भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कोरोना महामारी के लगातार बढ़ते प्रसार को देखते हुए, सरकार ने 4000 कैदियों को दी गई पैरोल को 60 दिनों के लिए और आगे बढ़ाने का फैसला किया है। बता दें कि कई जगहों से जेलों में बंद कैदियों के कोरोना से संक्रमित पाए जाने के बाद विभिन्न राज्य सरकारों ने कैदियों को पैरोल या जमानत पर छोड़ा था।
राज्य सरकारों ने यह कदम जेलों में कोरोना महामारी के खतरे को देखते हुए उठाया था। सरकारों का कहना था कि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का अनुपालन किया है। सुप्रीम कोर्ट ने 23 मार्च को जेलों का भार कम करने के लिए 7 साल तक की सजा वाले मामलों में निरद्ध कैदियों को पैरोल अथवा जमानत पर रिहा करने के निर्देश जारी किए थे और राज्य सरकारों को इस कार्य को पूरा करने की जिम्मेवारी सौंपी थी।
देशभर में कोरोना महामारी के कारण स्थितियां बिगड़ती जा रही हैं। बता दें कि गिरते तापमान (सर्दी) के बीच कोरोना वायरस पहले की तरह ताकतवर होता जा रहा है। सर्दियों में कोरोना संक्रमण की मियाद बढ़कर दोगुनी हो गई है। जून-जुलाई में 10 से 14 दिन के बीच खत्म होने वाला संक्रमण अब औसतन 3 हफ्ते तक बना रहा है। कुछ मामलों में तो 35 से 40 दिन तक कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर इसको लेकर बेहद चिंतित हैं। माइक्रोबायोलॉजी के विभागाध्यक्ष अमरेश सिंह ने बताया कि वायरस में बदलाव हो रहा है। सर्दी का मौसम वायरस को और शक्तिशाली बना रहा है। लुढ़कते पारे के साथ संक्रमण की मियाद तेजी से बढ़ी है। इस वजह से मरीजों को दवाओं की ज्यादा डोज देनी पड़ रही है। बता दें कि देश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 37,975 नए मामले सामने आए हैं जिससे कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 91,77,841 हो गई है।


Download Android App
Download iOS App



