असम में कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में असम के लोग भाजपा को वोट नहीं देंगे क्योंकि भगवा दल नागरिकता (संशोधन) विधेयक लाने पर अड़ा हुआ है। अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के महासचिव इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि राज्य में 11 अप्रैल को पांच सीटों पर हुए मतदान में कांग्रेस को अच्छे वोट मिले हैं।
राज्य में पांचों सीटों पर कांग्रेस की जीत को लेकर आश्वस्त नेता ने कहा, ”मौके से मिली रिपोर्टों के अनुसार असम के लोगों ने भाजपा के खिलाफ वोट दिया है क्योंकि वे पार्टी को असंवैधानिक विधेयक लाने के लिए दंडित करना चाहते हैं।” रावत ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह चलन दूसरे (18 अप्रैल) और तीसरे चरण (23 अप्रैल) में भी जारी रहेगा।
उन्होंने कहा, ”हमारे अध्यक्ष राहुल गांधी कहते आ रहे हैं कि अगर हम सत्ता में आए तो हम विधेयक को कूड़ेदान में फेंक देंगे। हमने अपने घोषणापत्र में भी इसे स्पष्ट किया है।” रावत ने दावा किया, ”क्योंकि लोग विधेयक का विरोध कर रहे हैं इसलिए मुझे नहीं लगता कि इस बार भाजपा जीतेगी।” उन्होंने कहा कि असम में कांग्रेस 14 में से 10 सीट हासिल करेगी।


Download Android App
Download iOS App



