मध्य प्रदेश में 28 सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपना ‘वचन’ पत्र जारी कर दिया है। वचन पत्र पर विपक्ष से पहले पार्टी नेताओं ने ही सवाल उठा दिए हैं। दरअसल, कांग्रेस के इस वचन पत्र से पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का चेहरा गायब है। हालांकि इंदिरा गांधी और सोनिया गांधी के साथ कमलनाथ की फोटो मौजूद है।
इस पर पार्टी के नेता मानक अग्रवाल ने सवाल उठाते हुए कहा, हमने मध्य प्रदेश में राहुल गांधी के नाम पर चुनाव जीता और दिग्विजय सिंह के पास राज्य में अनुयायियों की फौज है, इसलिए वचन पत्र पर उनकी तस्वीरें जरूर होनी चाहिए। उनकी फ़ोटो न होना गलत है, क्योंकि दिग्विजय सिंह का उपचुनाव में इस्तेमाल ना करके कांग्रेस का ही नुकसान होगा।

उन्होंने कहा कि मैंने पार्टी में अपनी बात रख दी है और मुझे लगता है कि पार्टी मेरी बात को मानेगी। दिग्विजय सिंह की सभा भी होनी चाहिए। वहीं पार्टी की ओर से सफाई आई है कि जो वचन पत्र 28 विधानसभा के लिए अलग-अलग तरह से जारी किए गए हैं, ये केवल मिनी वचन पत्र है। मुख्य वचन पत्र कुछ दिनों के बाद जारी किया जाएगा, जिसमें सभी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की तस्वीर को स्थान दिया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



