PM की सुरक्षा मामले को जावेद अख्तर ने बताया ‘काल्पनिक’, नरोत्तम बोले- कलाकार हैं कला करें, कलाकारी नहीं

Summary :

नरोत्तम मिश्रा ने गीतकार और कलाकार जावेद अख्तर पर कटाक्ष करते हुए आज कहा कि जावेद अख्तर कला जगत से हैं, वे ‘कला’ करें,‘कलाकारी’ नहीं।

मध्यप्रदेश के गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नरोत्तम मिश्रा ने गीतकार और कलाकार जावेद अख्तर पर कटाक्ष करते हुए आज कहा कि जावेद अख्तर कला जगत से हैं, वे ‘कला’ करें,‘कलाकारी’नहीं। डॉ मिश्रा ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान अख्तर को संबोधित करते हुए कहा कि देश में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी घटनाओं पर खामोशी और प्रधानमंत्री की सुरक्षा चूक पर उनकी निंदनीय टिप्पणी टुकड़ा-टुकड़ा गैंग के स्लीपर सेल वाली मानसिकता प्रदर्शित करती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर साधा था निशाना 
उन्होंने कहा कि अख्तर कला जगत से हैं, इसलिए कला करें, कलाकारी नहीं। अख्तर ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए अपने ट्वीट में लिखा था कि काल्पनिक खतरे के लिए राष्ट्रपति से चर्चा, लेकिन करोड़ लोगों के नरसंहार पर एक शब्द भी नहीं। उन्होंने प्रधानमंत्री का जिक्र करते हुए लिखा था कि प्रधानमंत्री ने खुद के लिए काल्पनिक खतरे पर राष्ट्रपति से मुलाकात कर चर्चा की। वो भी तब, जब वे बुलेट प्रूफ वाहन में चारों ओर से सुरक्षाकर्मियों से घिरे हुए बैठे थे।

भारतीयों के नरसंहार की खुलेआम धमकी मिलने पर भी मोदी थे चुप 
इसके बाद उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी ने तब एक शब्द भी नहीं कहा, जब लाखों भारतीयों के नरसंहार की खुलेआम धमकी दी गई थी। दरअसल हरिद्वार में पिछले दिनों हुई एक धर्म संसद में एक वर्ग विशेष के खिलाफ ना केवल विवादित भाषण दिये गए, बल्कि लोगों से शस्त्र उठाने का आह्वान करने से लेकर उन्हें मारने तक की बात कही गई थी।

Desk Team