केंद्रीय मंत्री नकवी ने दी सलाह, बोले- कोरोना की तीसरी लहर में घबराने की नहीं, सावधानी बरतने की आवश्यकता

Summary :

मुख्तार अब्बास नकवी ने मंगलवार को कोरोना रोधी टीके की एहतियाती खुराक ली और कहा कि कोविड महामारी की इस तीसरी लहर में घबराने की नहीं, बल्कि सावधानी बरतने की जरूरत है।

देश में कोरोना वायरस के बढ़ते आतंक के बीच वैक्सीन की बूस्टर खुराक देने का सिलसिला शुरु हो गया है। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने मंगलवार को कोरोना रोधी टीके की एहतियाती खुराक ली और कहा कि कोविड महामारी की इस तीसरी लहर में घबराने की नहीं, बल्कि सावधानी बरतने की जरूरत है। 

टीके की एहतियाती खुराक लेने के बाद 64 वर्षीय नकवी ने ट्वीट किया, ‘‘आज कोरोना टीके की एहतियाती खुराक ली। मेड इन इंडिया कोरोना टीके बिलकुल सुरक्षित हैं। वह सभी लोग जो एहतियाती खुराक लेने के लिए पात्र हैं, वे टीके जरूर लगवाएं और भारत को कोरोना मुक्त बनाने में सहयोग दें।’’ 
उन्होंने यह भी कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोगों की सेहत-सलामती के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं। हमें डर नहीं उम्मीद, भय नहीं भरोसा, घबराहट नहीं सावधानी की जरूरत है। समाज का संयम, सावधानी,संकल्प ही हमें इस संकट से बाहर निकालेगा।’’ 
गौरतलब है कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में तेज वृद्धि के बीच सोमवार को कोविड-19 रोधी टीके की एहतियाती खुराक देने की शुरुआत के पहले दिन अन्य बीमारियों से पीड़ित 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ ही अग्रिम मोर्चे के नौ लाख से अधिक लोगों को यह खुराक दी गई।

Desk Team