गुजरात के कांग्रेस विधायक जिग्नेश मेवाणी को असम की एक अदालत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ट्वीट करने के मामले में जमानत दे दी है। कोर्ट ने कल जमानत अर्जी पर अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था। मेवाणी को गुरुवार को गुजरात के पालनपुर से असम पुलिस की एक टीम ने गिरफ्तार किया था, जब असम के कोकराझार के एक स्थानीय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की थी। वहीं कांग्रेस नेता मेवाणी ने उनकी गिरफ्तारी को “पीएमओ (प्रधान मंत्री कार्यालय) द्वारा प्रतिशोध की राजनीति” बताया है।
मेवाणी ने अपनी गिरफ्तारी को बताया BJP और RSS की साजिश
मेवाणी ने कहा, “यह भाजपा और आरएसएस की साजिश है। उन्होंने मेरी छवि खराब करने के लिए ऐसा किया। वे इसे व्यवस्थित रूप से करते रहे हैं। उन्होंने ये पहले रोहित वेमुला और चंद्रशेखर आजाद के साथ किया, अब वे मुझे निशाना बना रहे हैं।” 41 वर्षीय नेता पर आपराधिक साजिश, पूजा स्थल से संबंधित अपराध, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और शांति भंग करने के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है। अपनी शिकायत में भाजपा नेता अरूप कुमार डे ने आरोप लगाया है कि मेवाणी के ट्वीट से “एक निश्चित समुदाय से संबंधित जनता के एक वर्ग को उकसाने की संभावना है।”

BJP नेता ने बताई FIR करने के पीछे की वजह
एक मीडिया चैनल को दिए इंटरव्यू में भाजपा नेता अरूप ने कहा कि मेवाणी “लोगों को विभाजित करने की कोशिश कर रहे हैं और हमेशा प्रधान मंत्री मोदी के बारे में नकारात्मक बोलते हैं। हम भाग्यशाली हैं कि हमारे प्रधान मंत्री के रूप में मोदी जी हैं और मेवाणी उनके नाम को हाल की हिंसा से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। क्या इसके लिए प्रधान मंत्री मोदी जिम्मेदार हैं? उनका कहना है कि गोडसे प्रधान मंत्री मोदी का भगवान है, उनके पास इस बात को साबित करने के लिए क्या क्या सबूत है?”
मेवाणी की गिरफ्तारी पर कांग्रेस ने किया था BJP का घिराव
वहीं मेवाणी की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि यह गिरफ्तारी गुजरात में आने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए की गई थी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “मोदी जी, आप राज्य मशीनरी को गाली देकर असंतोष को कुचलने की कोशिश कर सकते हैं। लेकिन आप कभी भी सच्चाई को कैद नहीं कर सकते।” बता दें कि बनासकांठा की वडगाम सीट से निर्दलीय विधायक मेवाणी ने कहा था कि वह अगला चुनाव कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में लड़ेंगे।


Download Android App
Download iOS App



