पीएम मोदी और अमित शाह ने आंध्र प्रदेश के कोविड केंद्र में आग से लोगों की मौत पर जताया दुख

Summary :

पीएम मोदी ने आग की घटना पर दु:ख जताते हुए ट्वीट किया, “विजयवाड़ा में कोविड सुविधा केंद्र में आग लगने से बहुत व्यथित हूं, घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में होटल में स्थापित एक कोविड सुविधा केंद्र में रविवार को लगी आग से जान-माल के नुकसान पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी से स्थिति की जानकारी ली और सभी संभव मदद का भरोसा दिया है।

पीएम मोदी ने आग की घटना पर दु:ख जताते हुए ट्वीट किया, “विजयवाड़ा में कोविड सुविधा केंद्र में आग लगने से बहुत व्यथित हूं, घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी से स्थिति की जानकारी ली है और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।”

वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस घटना पर दुख जताया है। केंद्रीय गृहमंत्री ने ट्वीट कर कहा, “आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में कोविड केंद्र में दुखद आग दुर्घटना की खबर से गहरा दुख हुआ। केंद्र राज्य सरकार को हर संभव सहायता का आश्वासन देता है। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना।”

गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश में विजयवाड़ा के स्वर्ण पैलेस होटल स्थित कोविड केयर सेंटर में रविवार सुबह आग लग जाने से तीन मरीजों की मौत हो गयी और कई अन्य झुलस गये।

कोविड-19 : देश में पिछले 24 घंटे में 65 हजार के करीब नए मरीजों का रिकॉर्ड, 861 लोगों ने गंवाई जान

Desk Team