मुंबई में इमारत ढहने की घटना से हुई मौतों पर PM मोदी ने जताया शोक, मुआवजे का किया ऐलान

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई में एक इमारत के ढहने की घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति दुख जताया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई में एक इमारत के ढहने की घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति दुख जताया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही उन्होंने इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से किए गए ट्वीट के मुताबिक, मोदी ने कहा, ‘‘मुंबई के पश्चिमी मलाड में एक संरचना के ध्वस्त होने से हुई मौतों से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’


एक अन्य ट्वीट में पीएमओ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि मलवनी इलाके में अब्दुल हमीद रोड के न्यू क्लेक्टर कम्पाउंड में बुधवार रात करीब सवा 11 बजे यह हादसा हुआ। दमकल विभाग तथा अन्य एजेंसियों के कर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव एवं तलाश अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि हादसे में आठ बच्चों और तीन व्यस्क लोगों की मौत हो गई है।

Desk Team