पीएम मोदी ने भारत के बढ़ते प्रभाव को दिया ‘ऑपरेशन गंगा’ की सफलता का श्रेय, कहा-मुश्किलों से जूझ रहें बड़े देश

Summary :

पीएम मोदी ने युद्ध प्रभावित यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वहां से निकालने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन गंगा’ की सफलता का श्रेय वैश्विक पटल पर भारत के बढ़ते प्रभाव को दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को महाराष्ट्र के पुणे में मेट्रो लाइन का उद्घाटन किया और उसके बाद छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा की भी अनावरण किया। इस बीच पीएम मोदी ने युद्ध प्रभावित यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वहां से निकालने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन गंगा’ की सफलता का श्रेय वैश्विक पटल पर भारत के बढ़ते प्रभाव को दिया। मोदी ने यहां सिम्बायोसिस विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह का उद्घाटन करने के बाद कहा, हम ऑपरेशन गंगा के माध्यम से युद्ध क्षेत्र से हजारों भारतीयों को सुरक्षित निकाल रहे हैं। 
कई बड़े देश अपने नागरिकों को निकालने में मुश्किलों से जूझ रहे हैं : पीएम  मोदी 
मोदी ने कहा, यह भारत का बढ़ता प्रभाव ही है जिसकी वजह से वह यूक्रेन के युद्ध क्षेत्र से हजारों विद्यार्थियों को स्वदेश वापस ला पाया है। उन्होंने कहा कि कई बड़े देश अपने नागरिकों को वहां से निकालने में मुश्किलों से जूझ रहे हैं। इससे पहले केंद्र सरकार ने शनिवार को एक बयान में कहा कि यूक्रेन में गहराते संकट के बीच भारत सरकार ‘ऑपरेशन गंगा’ के तहत वहां से 13,700 नागरिकों को निकालकर स्वदेश लेकर आई है जिसके लिए पिछले सप्ताह विशेष उड़ानों का संचालन शुरू किया गया था।
सिम्बायोसिस विश्वविद्यालय के समारोह से पहले पीएम ने पुणे में मेट्रो परियोजना का उद्घाटन किया और उसके बाद उसमे स्कूल के छात्रों के साथ बैठकर सफर भी किया। इसके बाद उन्होंने लोगों से मेट्रो से यात्रा करने की अपील की। मोदी ने कहा कि तेजी से शहरीकरण हो रहा है और 2030 तक देश की शहरी आबादी 60 करोड़ से अधिक हो जाएगी। उन्होंने कहा, शहरों की बढ़ती आबादी से कई अवसर पैदा होते हैं, लेकिन साथ ही कई चुनौतियां भी खड़ी होती हैं। शहरों में पुल एक सीमित संख्या में बनाए जा सकते हैं। बढ़ती आबादी के साथ कितने पुल बनाए जा सकते हैं और हम सड़कों का चौड़ीकरण कैसे करेंगे? उन्होंने कहा, ऐसे में हमारे पास एकमात्र विकल्प सार्वजनिक परिवहन है और इसीलिए हमारी सरकार सार्वजनिक परिवहन एवं मेट्रो रेल कनेक्टिविटी में सुधार को महत्व दे रही है।

Desk Team