गोवा कांग्रेस के अध्यक्ष गिरीश चूडांकर ने शनिवार को (यानी आज) दावा किया कि मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार को गिराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉकडाउन की घोषणा में देरी की। गिरीश चूडांकर ने ने अपने ट्वीट में मराठी अखबार की एक खबर का संदर्भ दिया, जिसमें दावा किया गया है कि अगर लॉकडाउन पहले ही लागू कर दिया गया होता तो आज देश में वर्तमान स्थिति नहीं होती।

उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार को गिराने के लिए नरेंद्र मोदी द्वारा लॉकडाउन की घोषणा में देरी से भारत में कोरोना वायरस की स्थिति भयावह हो गयी । भारत में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के लिए भाजपा जिम्मेदार है। ’’ कांग्रेस के 22 बागी विधायकों के इस्तीफा देने से अपनी सरकार के अल्पमत में आने के कारण कमलनाथ ने 20 मार्च को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र दे दिया था। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए प्रधानमंत्री ने 24 मार्च को तीन सप्ताह के लिए राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन की घोषणा की। इस लॉकडाउन को बाद में तीन मई तक के लिए बढ़ा दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



