प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नगालैंड में चुनाव जीतकर पहली बार दो महिलाओं के विधानसभा पहुंचने को उल्लेखनीय उपलब्धि बताया और शुक्रवार को कहा कि यह जीवंत नगा संस्कृति के अनुरूप प्रोत्साहित करने वाला ट्रेंड है। ज्ञात हो कि दीमापुर-तीन सीट से नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक पार्टी (एनडीपीपी) की उम्मीदवार हेकानी जाखलू ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) (लोजपा-रामविलास) के अजेतो जिमोमी को 1,536 मतों के अंतर से हराया।
इसी प्रकार, एनडीपीपी की सलहौतुओनुओ क्रूस ने पश्चिमी अंगामी सीट से जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और निर्दलीय उम्मीवार के नाखरों को महज सात मतों से पराजित किया।मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘यह एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। दोनों नवनिर्वाचित विधायकों को विशेष रूप से बधाई। पिछले साल, भाजपा ने राज्यसभा के लिए एस फान्गनॉन कोन्याक को नामित करके इतिहास रच दिया था और वह नगालैंड से पहली महिला राज्यसभा सदस्य बन गईं। यह जीवंत नगा संस्कृति के अनुरूप एक प्रोत्साहित करने वाला ट्रेंड है।’’
प्रधानमंत्री ने यह प्रतिक्रिया नगालैंड के निवर्तमान मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो के एक ट्वीट पर व्यक्त की, जिसमें उन्होंने लिखा था कि नगालैंड में दो महिला उम्मीदवारों ने विधानसभा चुनाव जीत कर इतिहास रच दिया है। इस बार नगालैंड विधानसभा चुनाव में चार महिला उम्मीदवारों – हेकानी जाखलू, सलहौतुओनुओ क्रूस, हुकली सेमा और रोजी थॉम्पसन ने चुनाव लड़ा था।


Download Android App
Download iOS App



