प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि यह ऐसी अहंकारी पार्टी है जो स्थानीय संवेदनाओं को नहीं समझती। प्रधानमंत्री ने साथ ही यह भी दावा किया कि उनकी सरकार लोगों की सेवा करने के मामले में जाति या धर्म नहीं देखती है।
मोदी ने तमिलनाडु के कन्याकुमारी में चुनावी रैली में कहा कि द्रमुक में हालात ऐसे थे कि पार्टी के सरंक्षक दिवंगत एम करुणानिधि के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने वाले वरिष्ठ नेता पार्टी के ”नए शहजादे” (द्रमुक युवा शाखा के सचिव उदयनिधि स्टालिन) के चलते घुटन महसूस कर रहे थे।
प्रधानमंत्री ने कहा, ” राजनीति इस तरह नहीं होती। आज देश का मिजाज स्पष्ट तौर पर भाई-भतीजावाद और अधिकारवाद की राजनीति के खिलाफ है।” उन्होंने कहा कि विपक्ष लोगों को लोकतंत्र-विरोधी कहना पसंद करता है लेकिन उन्हें स्वयं आईना देखना चाहिए। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने कई बार अनुच्छेद 356 लगाया है। द्रमुक और अन्नाद्रमुक, दोनों ही सरकारों को पूर्व में कांग्रेस द्वारा बर्खास्त किया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसी भी गठबंधन में कांग्रेस का होना एक ऐसे अहंकारी सहयोगी की तरह है, जो स्थानीय संवेदनाओं को नहीं समझता है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हमारी विचारधारा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास है और इस मंत्र के मूल में सभी के प्रति करुणा की भावना है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार लोगों की सेवा करने से पहले उनकी जाति, पंथ या धर्म नहीं देखती है। हमारी सरकार सभी के लिए है।’’ कन्याकुमारी लोकसभा सीट पर उप चुनाव छह अप्रैल को होना हैं।


Download Android App
Download iOS App



