देश में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। वहीं दूसरी तरफ महामारी को मात देने के लिए कोरोना वैक्सीन बनाने की और लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को कोविड-19 का टीका विकसित कर रही कम्पनी ‘भारत बायोटेक’ के केन्द्र का दौरा करेंगे।
तेलंगाना के मुख्य सचिव सोमेश कुमार की ओर से बृहस्पतिवार रात जारी किए गए एक आधिकारिक ज्ञापन में कहा गया कि मोदी पुणे से दोपहर में भारतीय वायुसेना के विमान में ‘हकीमपेट वायुसेना अड्डे’ पहुंचेंगे। वह सीधे जीनोम घाटी स्थित ‘भारत बायोटेक’ केन्द्र जाएंगे और वहां का दौरा कर वायुसेना अड्डे लौट आएंगे। उसने बताया कि वह उसी शाम राष्ट्रीय राजधानी लौट जाएंगे।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मोदी केन्द्र में करीब एक घंटे रुकेंगे। ‘भारत बायोटेक’ द्वारा विकसित किए जा रहे कोविड-19 टीके का तीसरे चरण का ट्रायल जारी है। वहीं मोदी शनिवार को पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) का दौरा करेंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को इस आशय की जानकारी दी।
कोविड-19 का टीका विकसित करने के लिए एसआईआई वैश्विक दवा निर्माता एस्ट्राजेनेका और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के साथ साझेदारी में काम कर रहा है। केंद्रीय औषध मानक नियंत्रण संगठन ने पूर्व नैदानिक जांच, परीक्षण और विश्लेषण के लिये सात कंपनियों को कोविड-19 टीके के निर्माण की इजाजत दी है। इनमें से दो एसआईआई और जेन्नोवा बायोफार्मास्यूटिकल्स हैं।


Download Android App
Download iOS App



