चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर और उनकी टीम 2021 राज्य विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल की जनता के मिजाज को समझने के लिए रविवार को यहां शहीद दिवस पर आयोजित होने वाली तृणमूल की विशाल रैली में मौजूद रहेंगे। पार्टी के सूत्रों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता ने पीटीआई-भाषा को बताया कि रैली के लिए एक औपचारिक निमंत्रण किशोर को भेजा गया था।
उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर के संगठन ‘इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (आईपैक)’ के सदस्य 2021 के विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति बनाने से पहले जनता के मिजाज को समझने के लिए रविवार की रैली में लोगों से घुलेंगे-मिलेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘वह (किशोर) और उनकी टीम के सदस्य रविवार की रैली में लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं के मन को पढ़ने की कोशिश करेंगे। वे यह भी समझने की कोशिश करेंगे कि रैली में किन वर्गों के लोग भाग ले रहे हैं और वे तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी से क्या चाह रहे हैं। मूल रूप से, वे लोगों के मिजाज को समझने की कोशिश करेंगे।’’
तृणमूल कांग्रेस हर साल 21 जुलाई को पश्चिम बंगाल में वाम मोर्चा शासन के दौरान 1993 में पुलिस गोलीबारी में मारे गए 13 युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की याद में रैली का आयोजन करती है। बनर्जी उस समय युवा कांग्रेस की नेता थीं।


Download Android App
Download iOS App



