रस्सी के सहारे उफनती नदी के ऊपर से ऐसे किया गया गर्भवती महिला का रेस्क्यू, देखें वीडियो

Summary :

इन दिनों भारत के कई शहरों में भारी बारिश हो रही है जिसकी वजह से बाढ़ की स्थिति बनी हुई हैं। इसी बीच केरल से एक तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई है

इन दिनों भारत के कई शहरों में भारी बारिश हो रही है जिसकी वजह से बाढ़ की स्थिति बनी हुई हैं। इसी बीच केरल से एक तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई है जो खूब वायरल हो रही है। पलक्कड़ जिले के आगली में बीते शनिवार को एक गर्भवती महिला को रस्सी के सहारे बचावकर्मियों ने सुरक्षित जगह पर पहुंचाया। 
ट्विटर पर समाचार एजेंसी एएनआई ने वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कैसे तेज बहाव वाली उफनती हुई नदी के ऊपर से महिला को सुरक्षित तरीके से एक किनारे से दूसरे किनारे रस्सी से बांधकर पहुंच रहे हैं। इस वीडियो को सोशल यूजर्स बहुत पसंद और शेयर कर रहे हैं। 

केरल में पिछले साल भी बाढ़ आई थी और वायनाड इलाके से इसी तरह से एक गर्भवती महिला को एयरलिफ्ट करते हुए वीडियो वायरल हुआ था। उस महिला को बचाने के बाद अस्पताल ले जाया गया था जहां पर उसने बच्चे को जन्म दिया। 
उत्तरी केरल में भारी बारिश हो रही है और बाढ़ की स्थिति पैदा होने की संभावना बताई जा रही है। केरल में पिछले तीन दिनों में 42 लोगों की मौत भूस्‍खलन और बाढ़ के चलते हो गई है। निचले इलाकों से प्रशासन लोगों को सुरक्षित जगह पर पहुंचा रही है। 
राज्य में कई एनडीआरएफ की टीमों को प्रसाशन ने बाढ़ वाले जिलों में भेजा हुआ है ताकि लोगों को सुरक्षित जगह पर जल्द से जल्द पहुंचाया जाए। इसके साथ ही राज्‍य के चार जिलों के लिए भारतीय मौसम विभाग ने रेड अलर्ट घोषित कर दिया है। राज्य के इडुकी, मलप्पुरम, कोझीकोड और वायनाड के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। 
केरल राज्य की ज्यादातर नदियों और बांधों में जल का स्तर बढ़ चुका है और बाढ़ की स्थिति कन्नूर, वायनाड, इडुकी, मलप्पुरम, कोझीकोड और कासरगोड में पैदा हो गई है। केरल की मुख्य नदियों में जल का स्तर बढ़ गया है। केरल की मणिमाला, मीनाचल, मूवट्टापुझा, चलियार, वालापट्टनम, इरूवाझीपुझा और पंबा में जल का स्तर बढ़ चुका है। 

Desk Team