Protest Over Security Force Vehicle Accident in Manipur : मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में बुधवार शाम एक सड़क दुर्घटना के बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। सुरक्षा बलों की एक गाड़ी और स्कूटर के बीच टक्कर होने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया और स्थिति हिंसक हो गई। गुस्साए लोगों ने सुरक्षा बलों के वाहनों को निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ और आगजनी की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें भी जल्द हिरासत में लिया जाएगा।
Protest Over Security Force Vehicle Accident in Manipur : टुइबोंग बाजार इलाके में हुआ हादसा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना चुराचांदपुर के टुइबोंग बाजार क्षेत्र में शाम करीब साढ़े छह बजे हुई। सुरक्षा बलों की एक गाड़ी ने स्कूटर पर सवार दो लोगों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
मेडिकल जांच में दोनों के नशे की हालत में होने की बात सामने आई है, जिससे दुर्घटना के कारणों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हादसे के बाद यह भी चर्चा फैल गई कि सुरक्षा बलों की गाड़ी मौके पर रुकी या नहीं, जिसके चलते स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। कुछ ही समय में यह प्रदर्शन उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों ने टुइबोंग बाजार में खड़ी सुरक्षा बलों की एक चारपहिया गाड़ी पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया और आग लगा दी। इसके अलावा एक अन्य वाहन को भी आग के हवाले कर दिया गया।
झड़प में कई जवान घायल

प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा कर्मियों और भीड़ के बीच टकराव भी हुआ, जिसमें कई जवान घायल हो गए। इसके अलावा आसपास खड़े कई अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस और सुरक्षा बलों ने तत्काल अतिरिक्त बल मौके पर भेजे और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
पुलिस ने हिंसा में शामिल पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इन पर सुरक्षा बलों के वाहनों को नुकसान पहुंचाने, हमला करने और आगजनी करने के आरोप लगाए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें – बर्दवान में CM Mamata का बड़ा ऐलान: न्यायिक जांच में नाम हटाए गए लोगों को मिलेगी कानूनी मदद


Download Android App
Download iOS App




