प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य कर्मियों और कोविड-19 टीकाकरण के लाभार्थियों से संवाद किया। इस कार्यक्रम में सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर भी शामिल थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश का 18 वर्ष से अधिक की आयुवर्ग का शत प्रतिशत कोविड टीकाकरण करने वाला देश का पहला राज्य बनना गौरवान्वित करने वाली उपलब्धि है।
ठाकुर ने आज अपने ट्वीट में कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की कार्यकुशलता में यह प्रशंसनीय, अभिनंदनीय, अविस्मरणीय कार्य है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि हिमाचल प्रदेश की जनता की जागरूकता, गम्भीरता और निजी ज़िम्मेदारी के पूर्ण निर्वहन का परिणाम है।
ठाकुर ने कहा कि सभी प्रशासनिक अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने हर चुनौतियों का सामना करते हुए पूरी दृढ़ता से अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है जहां सभी लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा चुकी है यानी यहां शत प्रतिशत टीकाकरण हो चुका है।


Download Android App
Download iOS App



