आंध्र प्रदेश में बाढ़-बारिश से अब तक 25 लोगों की मौत, राहुल गांधी ने जताया शोक

Summary :

दक्षिणी राज्यों के कई हिस्सों में बारिश का कहर जारी है। आंध्र प्रदेश सबसे अधिक प्रभावित हुआ जहां वर्षाजनित घटनाओं में जान-माल का नुकसान हुआ।

दक्षिणी राज्यों के कई हिस्सों में बारिश का कहर जारी है। आंध्र प्रदेश सबसे अधिक प्रभावित हुआ जहां वर्षाजनित घटनाओं में जान-माल का नुकसान हुआ। राज्य के विभिन्न हिस्से में बाढ़ के कारण हुई मौतों पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और नेता राहुल गांधी ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से बाढ़ प्रभावित लोगों को हर संभव मदद करने की अपील की है।
राहुल गांधी रविवार को ट्वीट कर कहा, ‘आंध, प्रदेश में बाढ़ से भारी क्षति हुई है। उन लोगों के प्रति मेरी संवेदना है जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। प्रिय कांग्रेस कार्यकर्ताओं, कृपया हर संभव तरीके से लोगों की मदद करें।’ 


उल्लेखनीय है कि आंध्र प्रदेश के कडप्पा, अनंतपुर और चित्तूर जिलों में शनिवार तक भारी बारिश और बाढ़ के कारण कम से कम 25 लोगों की मौत हुई है। वर्षाजनित घटनाओं में 17 लोगों के लापता होने की सूचना है। राज्य आपदा मोचन बल के एक सदस्य की भी मौत हो गई है।

चेयेरू नदी में बाढ़ में बह गए 30 से अधिक लोग 
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को कडप्पा जिले में चेयेरू नदी में बाढ़ में 30 से अधिक लोग बह गए थे। तिरूपति शहर में स्थिति अब भी भयावह है और कई इलाके डूबे हुए हैं, वहीं तिरूमला की पहाड़ियों में स्थिति अपेक्षाकृत ठीक है, लेकिन बारिश होने से श्रद्धालुओं को असुविधा हुई।
अनंतपुरामु जिले के कादिरी शहर में मूसलाधार बारिश के बीच एक निर्माणाधीन मकान ढहने से दो बच्चों समेत कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। मलबे से चार लोग सुरक्षित निकाल लिए गए लेकिन कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका है।

Desk Team