कर्नाटक में पीएम पर राहुल का हमला, बोले- मोदी जी के शब्द खोखले, जो कहते हैं वो नहीं करते

Summary :

NULL

कर्नाटक के बेल्लारी में पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने कर्नाटक की जनता के सामने पीएम मोदी को झूठा करार दिया और कहा कि वह जो कहते हैं वो करते नहीं है। राहुल ने कहा, ”वो आपको झूठे वादे करते हैं, झूठे सपने दिखाते हैं और उनपर भरोसा करके आपको कोई फायदा नहीं मिलने वाला है, कांग्रेस पार्टी जो कहती है वो करती है नरेंद्र मोदी जी के शब्द खोखले हैं, वो जो कहते है वो करते नहीं है।”

पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए राहुल ने कहा कि संसद में इतने लंबे भाषण के दौरान भी पीएम मोदी ने न भविष्य के बारे में कहा, न युवाओं के रोजगार के लिए कहा या न ही किसानों की मदद के बारे में कुछ कहा।

उन्होंने अपने एक घंटे सिर्फ कांग्रेस पार्टी और अतीत को लेकर उसे कोसने में खर्च कर दिया। देश प्रधानमंत्री से भविष्य के बारे में सुनना चाहता है। राहुल ने कहा कि मोदी जी गरीबों की बात करते हैं, लेकिन उनकी सरकार एससी प्लान और ट्राईबल सब-प्लान में पूरे भारत को 55 हजार करोड़ रुपये देती है, जबकि सिद्धारमैया केवल एक स्टेट में 27 हजार 700 करोड़ रुपया देते हैं।

इस दौरान राहुल ने एक बार फिर से राफेल डील का सौदा उठाया और मोदी पर आरोप लगाये। राहुल ने कहा, मोदी सरकार ने फ्रांस की कंपनी से राफेल खरीदा। मोदी जी पेरिस गये और उन्होंने कांट्रैक्ट ही बदल डाला। शुरू में यह कांट्रैक्ट हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड को दिया गया था। उन्होंने एचएएल से कांट्रैक्ट यानी अनुबंध खत्म कर दिया और अपने दोस्त को दे दिया।

बता दें कि इससे पहले राहुल ने कर्नाटक दौरे के दौरान कोप्पल के हुलीगेम्मा मंदिर पूजा-अर्चना की और मंदिर की परिक्रमा की। गौरतलब है कि राहुल गांधी चार दिन तक कर्नाटक में रहेंगे और इस दौरान वो कई कार्यक्रम में शामिल होंगे। कांग्रेस किसी तरह कर्नाटक की सत्ता अपने हाथ से जाने देना नहीं चाहती है। इसलिए राहुल गांधी वहां की स्थितियों की जायजा ले रहे हैं।

देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।

Desk Team