मुंबई के ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के समर्थन में शुक्रवार को हुई रैली में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। पिछले हफ्ते इस कानून के खिलाफ इसी मैदान पर एक विशाल प्रदर्शन हुआ था। भाजपा के संविधान सम्मान मंच द्वारा आयोजित रैली में सीएए के समर्थन में काफी संख्या में इस कानून के समर्थक तिरंगा झंडा लिए दिखे। उन्होंने सीएए और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के समर्थन में लिखे संदेशों वाली तख्तियां भी ले रखी थी।
सीएए समर्थकों के पास डॉ बाबासाहेब आंबेडकर की तस्वीरें थी। मंच पर वीडी सावरकर, महात्मा ज्योतिबा फुले, भारत माता और साहू महाराज की बड़ी तस्वीरें भी दिखी।
संविधान सम्मान मंच शहर के विभिन इलाकों में इस तरह की रैलियां आयोजित कर रहा है। सीएए और एनआरसी के समर्थन में ऐसी एक रैली पिछले हफ्ते दादर में हुई थी।
आयोजकों की अगस्त क्रांति मैदान से लेकर गिरगाम चौपाटी स्थित लोकमान्य तिलक प्रतिमा तक एक समर्थन मार्च की योजना थी लेकिन मुंबई पुलिस ने कानून व्यवस्था के मुद्दों को लेकर उन्हें इसकी इजाजत देने से इनकार कर दिया।
गौरतलब है कि 19 दिसंबर को अगस्त क्रांति मैदान में सीएए का विरोध में बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। इसमें गैर भाजपा दलों के कार्यकर्ता, छात्र और बॉलीवुड की कई हस्तियां भी शामिल रही थीं। इस मैदान से 1942 में महात्मा गांधी ने ‘अंग्रेजो भारत छोड़ो’ का नारा दिया था।


Download Android App
Download iOS App



