सुप्रीम कोर्ट का फैसला खिलाफ आने पर भी बनेगा राम मंदिर

Summary :

यह स्पष्ट है कि कोर्ट का फैसला अगर राम मंदिर निर्माण के खिलाफ आता है तो भी सरकार से अध्यादेश लाकर मंदिर का निर्माण कराया जाएगा।

हरिद्वार : विश्व हिंदू परिषद मार्गदर्शक मंडल की बैठक दूसरे दिन भी जारी रही। इस दौरान राम मंदिर निर्माण, धारा 370, धारा 35 ए, जनसंख्या नियंत्रण और गाय व गंगा के संरक्षण से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा की गई। आज राम मंदिर सहित अन्य प्रस्ताव पारित भी किए  जाएंगे। विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल के वरिष्ठ सदस्य युग पुरुष  स्वामी परमानंद सरस्वती ने इस दौरान कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला भले ही हिंदू जनमानस के खिलाफ आए, लेकिन राम मंदिर जरूर बनेगा। यह स्पष्ट है कि कोर्ट का फैसला अगर राम मंदिर निर्माण के खिलाफ आता है तो भी सरकार से  अध्यादेश लाकर मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। 
जल्दी ही राम मंदिर का निर्माण होगा। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष विष्णु सदाशिव कोकजे तथा महामंत्री मिलिंद पांडे ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में अल्पसंख्यक वर्ग के बच्चों के लिए घोषित की गई वजीफा योजना को लेकर परिषद  अभी समीक्षा कर रही है। सरकार से मनसा जानकर ही इस बारे में अपनी  प्रतिक्रिया दी जाएगी। अब राजनीतिक दल हिंदुओं की उपेक्षा नहीं कर सकते इससे पहले बुधवार को विश्व हिंदू परिषद के मार्गदर्शक मंडल की बैठक में संतों और परिषद के पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार से हिंदुओं से किए सभी वादे पूरे करने की  मांग उठाई। 
जोर दिया कि मोदी सरकार ने पिछले कार्यकाल में जो वादे किए थे,  उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। संतों ने लोकसभा चुनाव नतीजों  का हवाला देते हुए कहा कि यह भी साबित हो गया है कि अब राजनीतिक दल  हिंदुओं की उपेक्षा नहीं कर सकते। उन्होंने पुलवामा हमले के बाद बालाकोट एयर स्ट्राइक को राजनीतिक परिवेश बदल  देने वाली करार दिया। बैठक में विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष  विष्णु सदाशिव कोकजे ने कहा कि नई सरकार से सभी को उम्मीदें हैं। इस सरकार  को जनता की भावना के अनुरूप खरा उतरते हुए काम करना होगा। बैठक का संचालन  अशोक तिवारी ने किया।

Desk Team