अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के पिता इंद्रजीत चक्रवर्ती ने बेटे शोविक की गिरफ्तारी के बाद चुप्पी तोड़ते हुए एक बयान जारी किया और गिरफ्तारी की निंदा की। इसमें यह भी कहा कि अगली गिरफ्तारी रिया की हो सकती है।
रिया के पिता, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल इंद्रजीत चक्रवर्ती ने बयान में कहा, “भारत को बधाई, आपने मेरे बेटे को गिरफ्तार कर लिया। मुझे यकीन है कि इसके बाद अगला नंबर मेरी बेटी का है और मुझे नहीं पता कि इसके बाद किसका नंबर है। आपने एक मध्यम वर्गीय परिवार को प्रभावी ढंग से ध्वस्त कर दिया है। लेकिन निश्चित रूप से, न्याय के लिए सब कुछ उचित है। जय हिंद।”
इंद्रजीत चक्रवर्ती का बयान शुक्रवार को उनके बेटे शोविक और दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के घर के मैनेजर सैमुअल मिरांडा की गिरफ्तारी के बाद आया है। दोनों 9 सितंबर तक नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की हिरासत में रहेंगे। सुशांत की प्रेमिका रिया को भी एनसीबी ने रविवार सुबह पूछताछ के लिए बुलाया है।
अगर किसी से प्यार करना अपराध है तो रिया को इसका अंजाम भुगतना होगा
एनसीबी द्वारा पूछताछ से पहले अभिनेत्री के वकील सतीश मानेशिंदे ने एक बयान जारी कर कहा था, “रिया चक्रवर्ती गिरफ्तारी के लिए तैयार हैं। अगर किसी से प्यार करना अपराध है तो उसे इसका अंजाम भुगतना होगा। निर्दोष होने के बाद भी रिया ने अब तक बिहार पुलिस, सीबीआई, ईडी और एनसीबी के सभी मामले झेलते हुए किसी भी तरह की अग्रिम जमानत के लिए अदालत में संपर्क नहीं किया है।”


Download Android App
Download iOS App



