महाराष्ट्र स्थानीय कांग्रेस इकाई के कार्यालय में कथित तौर पर लूटपाट की घटना में करीब 25 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की एक प्रवक्ता ने बताया कि ठाणे के एक कांग्रेस नेता ने पुलिस को बताया कि रविवार को जब वह वागले एस्टेट स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचा तो उसका ताला बदला हुआ था और बोर्ड पर कालिख लगी थी।
उन्होंने शिकायत के आधार पर बताया कि उस समय करीब 20 महिलाओं सहित कुछ लोगों का एक समूह वहां पहुंचा और परिसर उनका होने का दावा करते हुए उन्हें वहां से जाने को कहा। उन्होंने बताया कि जब कांग्रेस नेता के जोर देने पर दरवाजा खोला गया तो अंदर से फर्नीचर और कुछ अन्य सामान गायब था।
उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर अतिक्रमण, दुर्व्यवहार, गैरकानूनी तरीके से इकट्ठा होने, दंगा करने, जबरन वसूली और आपराधिक धमकी देने सहित विभिन्न प्रावधानों के तहत महिलाओं सहित 25 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, लेकिन अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



