हरिद्वार : लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2019 हेतु मीडिया के सम्बंध में जारी गाइडलाइंस के सम्बंध में जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक रावत ने मीडिया को लोकतन्त्र का चौथा स्तम्भ बताते हुए कहा कि मीडिया निर्वाचन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक वोटिंग करवाने हेतु चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचायी जा सकती है।
निर्वाचन की सुविधा हेतु सी-विजिल एप शुरू किया गया है, जिसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत कर सकता है। उन्होंने कहा कि 100 मिनट के अंदर उस शिकायत पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। वोटर हेल्प लाईन टोल फ्री नम्बर 1950 एवं वोटर हेल्प लाईन एप के माध्यम से निर्वाचन से सम्बन्धित सभी तरह की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इस एप के माध्यम से कोई भी व्यक्ति, वोटर लिस्ट में नाम है या नहीं और यदि नहीं है, की जानकारी प्राप्त कर सकता है।
इसके साथ ही मतदाता सूची में अपना नाम शामिल या परिवर्तित भी करवा सकता है। विज्ञापन अनुश्रवण समिति के सचिव व नोडल अधिकारी सूचना, मनोज कुमार श्रीवास्तव ने पेड न्यूज से सम्बन्धित विभिन्न विषयों के सम्बंध में कहा कि पेड न्यूज मतदाताओं को प्रभावित कर सकती है, जो लोकतन्त्र के लिए हानिकारक होती है। इस पर नियन्त्रण के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कठोर कदम उठाए गए हैं, जिनके फलस्वरूप पेड न्यूज पर काफी हद तक नियन्त्रण किया गया है।
निर्वाचन आयोग द्वारा अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करने हेतु चलाए जा रहे , वोटिंग प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाए जाने के लिए राज्य में शत प्रतिशत वीवीपीएटी का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों को दिव्यांगजनों की आवश्यकतानुसार साईन लेंग्वेज आदि की ट्रेनिंग दी गई है।
मीडिया से अनुरोध किया गया है कि भारत निर्वाचन आयोग के प्रयासों की जानकारी को अधिक से अधिक प्रचारित करें ताकि मतदाता इनका लाभ उठा सकें। भारत निर्वाचन आयोग की गाईडलाईन है, प्रिन्ट और इलैक्ट्राॅनिक मीडिया को किसी भी अफवाहों से बचना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



