आरपीएफ जवानों पर बदमाशों का हमला, दो जवान घायल

Summary :

उज्जैन जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर बड़नगर थानांतर्गत सुन्दरबाद इलाके में रेलवे लाइन की सुरक्षा में लगे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों पर

उज्जैन : उज्जैन जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर बड़नगर थानांतर्गत सुन्दरबाद इलाके में रेलवे लाइन की सुरक्षा में लगे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों पर बुधवार की देर रात करीब 10 बदमाशों ने हमला किया जिससे दो जवान घायल हो गये। बदमाश उनसे एक एके-47 राइफल छीनकर भी ले गए। इस घटना के दौरान आरपीएफ के जवान रेलवे ट्रैक की निगरानी करने के लिए गश्त कर रहे थे।

उज्जैन के पुलिस अधीक्षक सचिन अतुलकर ने बृहस्पतिवार को यह बताया, ‘‘बदमाशों के पथराव में आरपीएफ के दो जवानों को मामूली चोटें आई हैं और बदमाश जवानों की एक एके-47 राइफल भी ले गए हैं।’’ उन्होंने बताया कि बड़नगर के पास सुन्दरबाद क्षेत्र में रेलवे लाइन के निगरानी गश्ती दल ने कल देर रात संदिग्ध बदमाशों को देख उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने उन पर पथराव कर दिया।

अतुलकर ने बताया कि इससे आरपीएफ के एक जवान की एके-47 राइफल नीचे गिर गई, जिसे बदमाश उठाकर ले गए। इस राइफल में 20 राउंड बुलेट थी। उन्होंने बताया कि बदमाशों की संख्या करीब 10 थी। अतुलकर ने बताया कि पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी है और बदमाशों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

Desk Team