भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के अधिकारियों ने मंगलवार को मुंबई की आरे दुग्ध आवासीय कॉलोनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के आवास से 3.4 करोड़ रूपए नकद बरामद किए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इससे एक दिन पहले सीईओ नाथू विट्ठल राठौड़ और एक सुरक्षा गार्ड को रिश्वत के मामले में गिरफ्तार किया गया था। अधिकारी ने बताया कि राठौड़ के आवास से 3,46,10,000 रूपए नकद बरामद किए गए।
तलाशी से एक दिन पहले राठौड़ को 50 हजार रूपए रिश्वत के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। एसीबी ने राठौड़ (42) और कॉलोनी के एक सुरक्षा गार्ड अरविंद तिवारी के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद सोमवार को जाल बिछाकर उन्हें गिरफ्तार किया। एसीबी की ओर से बताया गया था कि शिकायतकर्ता ने गोरेगांव स्थित कॉलोनी में अपने घर की मरम्मत करने की इजाजत मांगने के लिए राठौड़ से संपर्क किया था।
एजेंसी के अनुसार राठौड़ ने शिकायतकर्ता को तिवारी से मिलने को कहा जिसने मरम्मत की अनुमति देने के बदले 50 हजार रूपए रिश्वत की मांग की। इसके बाद शिकायतकर्ता ने एसीबी से संपर्क किया जिसने जाल बिछाकर तिवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा जबकि राठौड़ को बाद में गिरफ्तार किया गया।


Download Android App
Download iOS App



