मध्य प्रदेश में उपचुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार बंसीलाल जाटव ने बीजेपी का दामन थाम लिया है। मुरैना जिले की अंबाह विधानसभा सीट से सपा उम्मीदवार बंसीलाल केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की उपस्थिति में बीजेपी में शामिल हुए। राज्य की 28 विधानसभा सीटों पर तीन नवम्बर को उपचुनाव होने है।
बीजेपी के जिला अध्यक्ष योगेशपाल गुप्ता ने बुधवार को कहा, ‘‘केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की उपस्थिति में मंगलवार की रात वह बीजेपी में शामिल हो गए।’’ योगेशपाल गुप्ता ने कहा कि उन्होंने अंबाह सीट से बीजेपी के उम्मीदवार कमलेश जाटव को समर्थन दिया है और अब वह पार्टी के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
बंसीलाल जाटव पहले तीन बार बीजेपी की टिकट पर अंबाह सीट से निर्वाचित हुए थे लेकिन उपचुनाव में भगवा दल से टिकट नहीं मिलने के बाद हाल में वह सपा में शामिल हो गए थे। अंबाह से बीजेपी के उम्मीदवार कमलेश जाटव कांग्रेस के उन 22 विधायकों में शामिल थे जिन्होंने इस वर्ष मार्च में पार्टी और विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।


Download Android App
Download iOS App



