पश्चिम बंगाल में मतगणना के दिन हुई हिंसा को लेकर बीजेपी नेताओं ने टीएमसी के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार किया हुआ है। इन हिंसाओं को लेकर बीजेपी लगातार टीएमसी पर हमला बोल रही है। पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने बंगाल में बीजेपी कार्यकर्ताओं को हत्या को लेकर कहा कि हर घड़ी हमारे कार्यकर्ता फोन कर हमें बचा लो की गुहार लगा रहे हैं।
संबित पात्रा ने मंगलवार को अपने बयान में कहा, हम जिस प्रकार का मंजर बंगाल में देख रहे हैं, उस पर विश्वास नहीं हो रहा है। बंगाल आज जल रहा है। हमारे कार्यकर्ता हर घड़ी हमारे नेताओं को फोन कर रहे हैं और उनकी एक ही गुहार है हमें बचा लो। बंगाल में जो कुछ हो रहा है वो प्रशासन द्वारा प्रायोजित हिंसा है।
राज्यपाल जगदीप धनखड़ का सवाल, सिर्फ पश्चिम बंगाल में ही चुनाव के बाद हिंसा क्यों?
उन्होंने कहा, आज बीजेपी बंगाल में मुख्य विपक्षी पार्टी है और हम ये प्रतिज्ञा करते हैं कि हम अपने कार्यकर्ताओं और उन 2.28 करोड़ बंगालियों जिन्होंने हमारी नीति और विचार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई उनके साथ खड़े होंगे। गौरतलब है कि 2 मई रविवार को बीजेपी ने एक पार्टी कार्यालय में आगजनी का वीडियो साझा किया है जिसमें बांस की बल्लियां और छत जलती हुई नजर आ रही हैं और परेशान लोगों को चिल्लाते हुए भागते देखा जा रहा है।
सोशल मीडिया पर मृत व्यक्तियों की तस्वीरें और एक दुकान से कपड़े लूट कर भागते लोगों की फुटेज वायरल हो रही है। बीजेपी का दावा है कि उसके कम से कम छह कार्यकर्ता और समर्थक हमलों में मारे गए हैं जिनमें एक महिला भी शामिल है।


Download Android App
Download iOS App



