संजय राउत ने किया उद्धव का बचाव, बताया क्यों कही थी योगी को चप्पल से मारने की बात

Summary :

शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने बताया कि क्यों उद्धव ठाकरे ने योगी आदित्यनाथ को चप्पल मारने वाली बात कही थी।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर की गई टिप्पणी को लेकर केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को गिरफ्तार किया गया था, हालांकि अब उनकी रिहाई हो चुकी है। बावजूद दोनों पक्षों के बीच वाद-विवाद का दौर जारी है। इस बीच शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने बताया कि क्यों उद्धव ठाकरे ने योगी आदित्यनाथ को चप्पल मारने वाली बात कही थी।
शिवसेना सांसद ने गुरुवार को कहा, ‘यह बयान छत्रपति शिवाजी महाराज के अपमान किए जाने पर दिया गया था। कोई भी शिवाजी महाराज को महाराष्ट्र में मालाअर्पण करते समय चप्पल नहीं पहनता है। यह हमारी संस्कृति और परंपरा रही है। यह शिवाजी महाराज के प्रति हमारा सम्मान है।’ यूपी के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने हमारी संस्‍कृति और परंपरा के साथ खिलवाड़ किया था।

केंद्रीय मंत्री राणे की तुलना संभाजी महाराज से करने पर भड़की शिवसेना, कहा- BJP नेता के खिलाफ दर्ज हो FIR 

इसके आलावा उन्होंने कहा कि ‘राणे के महाराष्ट्र को बंगाल नहीं बनने देंगे वाले बयान का क्या मतलब है? आप (बीजेपी) बंगाल में हारी। अगर आप ऐसी ही भाषा का इस्तेमाल करते रहे तो महाराष्ट्र में भी आपका वही हाल होगा। बंगाल देश का शेर है।’ बता दें कि 25 अक्‍टूबर 2020 को दशहरा भाषण के दौरान महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्री उद्धव ठाकरे ने योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्‍तेमाल किया था। 
गौरतलब है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ विवादास्पद टिप्पणी के आरोप में मंगलवार को राणे को गिरफ्तार किया गया था। बाद में रायगढ़ जिले में महाड की एक अदालत ने उन्हें जमानत दे दी थी। राणे ने रायगढ़ जिले में सोमवार को जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान कहा था, ये शर्मनाक है कि मुख्यमंत्री को ये नहीं पता कि हमारी आजादी को कितने साल हो गए हैं। भाषण के दौरान वो पीछे मुड़कर इस बारे में पूछते नजर आए थे। अगर मैं वहां होता तो उन्हें एक जोरदार थप्पड़ मारता। 

Desk Team