‘2024 के बाद आपकी भी होगी जांच……याद रखना’, नवाब मलिक के खिलाफ ED की कार्रवाई पर भड़के राउत

Summary :

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने महाराष्ट्र के मंत्री और एनसीपी नेता नवाब मलिक से मुंबई अंडरवर्ल्ड की गतिविधियों से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूछताछ की।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने महाराष्ट्र के मंत्री और एनसीपी नेता नवाब मलिक से मुंबई अंडरवर्ल्ड की गतिविधियों से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूछताछ की। ईडी की इस कार्रवाई पर शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने परोक्ष रूप से केंद्र पर निशाना साधते हुए कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक को जिस तरह से ED के लोग उनके घर में जाकर लेकर गए हैं, यह महाराष्ट्र सरकार के लिए चुनौती है। पुराने मामलों को निकालकर सबकी जांच हो रही है। आप जांच कर सकते हैं तो 2024 के बाद आप की भी जांच होगी, ध्यान रखना….।
शिवसेना नेता ने कहा, आने वाले दिनों में मैं सभी खुलासे करने जा रहा हूं। इसके लिए मुझे कितनी भी बड़ी कीमत क्यों ना चुकानी पड़े। मैं एक-एक अफ़सर को एक्सपोज करूंगा।
बिना नोटिस के मंत्री को अपने साथ ले गई ED
एनसीपी प्रमुख शरद पवार की बेटी और एनसीपी नेता सुप्रिया सुले ने ईडी की कार्रवाई पर कहा, आज सुबह नवाब मलिक के यहां ED के लोग आए थे। बहुत दिनों से बीजेपी के कार्यकर्ता, प्रवक्ता ट्वीट कर रहे थे कि नवाब मलिक और महाविकास अघाड़ी के खिलाफ ED का नोटिस आएगा। आज वह हो गया है।
उन्होंने कहा कि महाविकास अघाड़ी के खिलाफ जो षड्यंत्र बीजेपी कर रही थी उसे आज पूरा महाराष्ट्र देख रहा है। कोई नोटिस नहीं आया। महाराष्ट्र के एक मंत्री को सीधा ED अपने दफ्तर लेकर गई है। इन्होंने कौन सी नई राजनीति शुरू की है ऐसा मैंने पहली बार होते देखा है।
अंडरवर्ल्ड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ
दरअसल, ईडी ने अंडरवर्ल्ड की गतिविधियों, संपत्ति की अवैध रूप से कथित खरीद-फरोख्त और हवाला लेनदेन के संबंध में15 फरवरी को मुंबई में छापेमारी की थी और एक नया मामला दर्ज किया था जिसके बाद बुधवार को नवाब मलिक से पूछताछ की गई।
एजेंसी ने 10 स्थानों पर छापेमारी की थी जिसमें 1993 के बम धमाके के मुख्य साजिशकर्ता दाऊद इब्राहिम की दिवंगत बहन हसीना पार्कर, भाई इकबाल कासकर और छोटा शकील के रिश्तेदार सलीम कुरैशी उर्फ सलीम फ्रूट के परिसर शमिल हैं। कासकर पहले से जेल में है जिसे एजेंसी ने पिछले सप्ताह गिरफ्तार किया था। ईडी ने पार्कर के बेटे से भी पूछताछ की थी।

Desk Team