कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का आंदोलन जारी है। केंद्र के खिलाफ किसानों के इस विरोध प्रदर्शन में जहां एक और राजनीतिक सुर सुनाई दे रहे है वहीं अब पाकिस्तान और चीन की भी एंट्री हो गई है। केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे ने दावा किया है कि किसान आंदोलन के पीछे चीन और पाकिस्तान का हाथ है। केंद्रीय मंत्री के इस बयान पर शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि रक्षा मंत्री को तुरंत चीन और पाक पर सर्जिकल स्ट्राइक करना चाहिए।
राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा, अगर केंद्रीय मंत्री को यह जानकारी है कि किसानों के आंदोलन के पीछे चीन और पाकिस्तान का हाथ है, तो, रक्षा मंत्री को तुरंत चीन और पाक पर सर्जिकल स्ट्राइक करना चाहिए। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृह मंत्रालय और सशस्त्र बलों के प्रमुखों को इस मुद्दे पर गंभीरता से चर्चा करनी चाहिए।
किसानों के विरोध-प्रदर्शन के पीछे चीन और पाकिस्तान: केंद्रीय मंत्री दानवे
दरअसल, केंद्रीय मंत्री दानवे ने महाराष्ट्र के जालना जिले के बदनापुर तालुका में कोल्टे तकली स्थित एक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन करते हुए कहा, ‘जो आंदोलन चल रहा है, वह किसानों का नहीं है। इसके पीछे चीन और पाकिस्तान का हाथ है। इस देश में मुसलमानों को पहले भड़काया गया। (उन्हें) क्या कहा गया? एनआरसी आ रहा है, सीएए आ रहा है और छह माह में मुसलमानों को इस देश को छोड़ना होगा। क्या एक भी मुस्लिम ने देश छोड़ा?”
उन्होंने कहा,” वे प्रयास सफल नहीं हुए और अब किसानों को बताया जा रहा है कि उन्हें नुकसान सहना पड़ेगा। यह दूसरे देशों की साजिश है।” हालांकि मंत्री ने इस बारे में विस्तार से नहीं बताया कि किस आधार पर उन्होंने यह दावा किया कि किसानों के विरोध के पीछे दोनों पड़ोसी देश हैं।
दानवे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के प्रधानमंत्री हैं और उनका कोई भी निर्णय किसानों के खिलाफ नहीं होगा। किसानों के विरोध प्रदर्शन में चीन और पाकिस्तान को घसीटने के लिए दानवे पर चुटकी लेते हुए शिवसेना प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद सावंत ने कहा कि महाराष्ट्र में सत्ता गंवाने के कारण भाजपा नेता अपने होश में नहीं हैं। उन्हें पता ही नहीं है कि वे क्या बोल रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



