झारखंड के देवघर जिला अंतर्गत मधुपुर थाना क्षेत्र में एक सरकारी मिडिल स्कूल के प्रधानाध्यापक संजय दास की अपराधियों ने गुरुवार को बम मारकर हत्या कर दी। संजय दास की उम्र 52 वर्ष थी और वह महुआडाबर गांव स्थित विद्यालय में पदस्थापित थे।
बताया गया कि वह सुबह करीब साढ़े आठ बजे स्कूल पहुंचे। बायोमेट्रिक अटेंडेंस दर्ज करने के करीब आधे घंटे बाद वह स्कूल से निकलकर अपनी स्कूटी से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान पिपरासोल नामक जगह पर उन पर बमों से हमला किया गया। जोरदार विस्फोट से इलाके में भगदड़ मच गई। संजय दास बुरी तरह जख्मी होकर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
लोगों का कहना है कि उन पर हमला करने वाले अपराधी बाइक पर सवार होकर आए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद वे आराम से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मधुपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। उनका शव उठाकर स्थानीय हॉस्पिटल लाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। संजय दास के परिजन भी घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे। उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
माना जा रहा है कि अपराधियों को इस बात की जानकारी थी कि संजय दास स्कूल से निकलकर कहीं जाने वाले हैं। वे रास्ते में घात लगाकर उनका इंतजार कर रहे थे। करीब पहुंचते ही उन पर बम फेंके गए। पुलिस यह पता लगा रही है कि उनकी किसी से रंजिश तो नहीं थी। इस संबंध में स्कूल के अन्य शिक्षकों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस संजय दास का कॉल डिटेल्स भी निकाल रही है, ताकि यह पता चल सके कि उन्हें किसी ने कॉल कर ड्यूटी के घंटों में कहीं बुलाया तो नहीं था। पुलिस अफसरों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों का पता लगा लिया जाएगा। उनकी तलाश में आसपास के इलाके में छापेमारी की जा रही है। जिले के सभी थानों को भी अलर्ट कर दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



