सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (SDF) ने राज्यपाल गंगा प्रसाद को एक ज्ञापन सौंपा है जिसमें सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) के शासन के तहत ‘‘बिगड़ती कानून व्यवस्था’’ के मद्देनजर राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की गई है। पूर्व लोकसभा सांसद पी.डी. राय के नेतृत्व में एसडीएफ के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को यहां राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा।
अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया
एसडीएफ के एक नेता ने कहा, ‘‘ अन्य कई मांगों के साथ-साथ हमने राज्यपाल से संविधान के अनुच्छेद 371 (F) के तहत सिक्किम के लोगों के सामाजिक-आर्थिक, राजनीतिक और मौलिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।’’ प्रतिनिधिमंडल ने 2024 में स्वतंत्र व निष्पक्ष विधानसभा चुनाव के संबंध में प्रसाद से आश्वासन भी मांगा।
समर्थकों पर हुआ था हमला
एसडीएफ नेताओं ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ एसकेएम के कार्यकर्ताओं ने इस सप्ताह की शुरुआत में दक्षिण सिक्किम के एक गांव में उनके समर्थकों पर हमला किया था, जिसमें से 15 लोग घायल हो गए थे। ये लोग एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे थे।
आरोपों को खारिज करते हुए किया गया बड़ा दावा
इस बीच, एसकेएम ने एक बयान में इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया, ‘‘ राज्य में 25 वर्षों तक सत्ता में रहने के दौरान लोगों और राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को आतंकित करना एसडीएफ की संस्कृति रही है।’’


Download Android App
Download iOS App



