मध्यप्रदेश की नवगठित कमलनाथ सरकार के मंत्रियों को वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की नाराजगी भरी नसीहतों के बाद उठते सवालों पर सत्तारूढ़ कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को सफाई दी। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता संतोष सिंह गौतम ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘दिग्विजय सिंह हमारे वरिष्ठ नेता हैं। वह अपने कनिष्ठों को सलाह दे सकते हैं।’ भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने दावा किया, ‘हमारी पार्टी नरेंद्र मोदी और अमित शाह की भाजपा नहीं है, जहां लोकतांत्रिक आवाजों को दबा दिया जाये। कांग्रेस नेताओं में कुछ मुद्दों पर मतभिन्नता जरूर हो सकती है। लेकिन उनमें मनभेद नहीं है।’
गौरतलब है कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के राज में मंदसौर में आंदोलनकारी किसानों पर गोलीबारी और और नर्मदा नदी के किनारे पौधारोपण के कथित घोटाले को लेकर विधानसभा में मौजूदा कांग्रेस सरकार के दिये जवाबों को लेकर दिग्विजय खुश नहीं हैं। वह इस सिलसिले में गृह मंत्री बाला बच्चन और वन मंत्री उमंग सिंघार के प्रति सार्वजनिक रूप से बयान देकर नाराजगी जता चुके हैं। इस बयानबाजी के बाद भाजपा कमलनाथ सरकार को घेरते हुए दावा कर रही है कि दिग्विजय ‘सुपर चीफ मिनिस्टर’ की तरह काम कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



