महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लेकर बीजेपी नेता किरीट सोमैया द्वारा किए गए ट्वीट को लेकर एकनाथ शिंदे गुट नाराज हो गया है। बीजेपी नेता ने अपने ट्वीट में उद्धव को ‘माफिया’ बताया। जिसपर भड़कते हुए शिंदे खेमे के प्रवक्ता दीपक केसरकर और बुलढाणा के विधायक संजय गायकवाड़ ने कहा कि वह ठाकरे परिवार की आलोचना बर्दाश्त नहीं करेंगे।
किरीट सोमैया ने अपने ट्वीट में लिखा, “रिक्शावाला’ के सीएम एकनाथ शिंदे से आज मंत्रालय में नील सोमैया ने मुलाकात की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। माफिया सीएम को बदलने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।” उनके इस ट्वीट पर भड़कते हुए केसरकर और गायकवाड़ ने चेतावनी दी।
मंत्रालयात आज ‘रिक्षावाला’ मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे यांची भेट घेतली, शुभेच्छा दिल्या. माफिया मुख्यमंत्री ना हाठविल्या बदल अभिनंदन केले @NeilSomaiya@BJP4Maharashtra pic.twitter.com/Z0oe7kSFta
— Kirit Somaiya (@KiritSomaiya) July 7, 2022
जो हुआ वह हमें पसंद नहीं आया
केसरकर ने कहा, ‘हम सोमैया द्वारा उद्धव ठाकरे के खिलाफ इस्तेमाल किए गए शब्दों से सहमत नहीं हैं। ऐसे शब्दों का प्रयोग नहीं करना चाहिए। इस पर टिप्पणी करने की जरूरत नहीं है। मैंने पहले ही मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अन्य विधायकों से उद्धव ठाकरे की आलोचना या कोई बयान नहीं देने का अनुरोध किया है।”
उन्होंने आगे कहा, ”हम उद्धव ठाकरे के खिलाफ सोमैया की आलोचना के बारे में फडणवीस बताए हैं। उम्मीद है कि फडणवीस सोमैया से कहें कि उद्धव ठाकरे के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी न करें। जो हुआ वह हमें पसंद नहीं आया।”
वहीं हमेशा से ही सोमैया के विरोधी रहे गायकवाड़ ने चेतावनी दी है कि वे ठाकरे परिवार के खिलाफ आलोचना बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, ”सोमैया को ध्यान रखना चाहिए कि हम ठाकरे परिवार पर उनके हमले को बर्दाश्त नहीं करेंगे। अगर सोमैया ठाकरे परिवार के खिलाफ अपना बयान जारी रखते हैं तो हमें सत्ता की परवाह नहीं होगी।”
उन्होंने कहा, ”किरीट सोमैया को यह नहीं सोचना चाहिए कि विधायक शिवसेना से अलग हो गए हैं या अलग गुट बना लिया है। हम शिवसेना हैं। सोमैया को यह नहीं सोचना चाहिए कि हमने बालासाहेब ठाकरे, उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे के प्रति अपनी वफादारी छोड़ दी है और हम उन्हें कोसते हुए अलग हो जाएंगे।”


Download Android App
Download iOS App



