महाराष्ट्र में विधानसभा में चुनाव में भगवा गठबंधन को ‘‘अटल’’ करार दिये जाने के कई दिन बाद शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सोमवार को कहा कि राज्य में भाजपा के साथ गठबंधन की आधिकारिक घोषणा अगले दो दिनों में कर दी जाएगी।
हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि अक्टूबर में होने वाले इस चुनाव के लिए उनकी पार्टी और भाजपा के बीच सीट बंटवारे के फार्मूले को विस्तृत चर्चा के बाद अंतिम रूप दिया जाएगा।
उन्होंने इन सवालों का जवाब भी टाल दिया कि राज्य में राजग के सत्ता में लौटने की स्थिति में युवा सेना प्रमुख आदित्य ठाकरे मुख्यमंत्री होंगे। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले उद्धव ने मुंबई में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में वादा किया था कि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए भगवा गठबंधन ‘‘अटल’’ है।
उद्धव ने उपनगरीय आवास में राकांपा विधायक अवधूत तटकरे के शिवसेना में शामिल होने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘कुछ चीजों पर काम किया जा रहा है। भाजपा और शिवसेना के संयुक्त रूप से चुनाव लड़ने की आधिकारिक घोषणा अगले एक-दो दिनों में कर दी जाएगी।’’


Download Android App
Download iOS App



