पत्नी और बेटी की मौजूदगी में शिवसेना की MP इकाई के पूर्व प्रमुख की गोली मारकर हत्या

Summary :

तेजाजी नगर के थाना प्रभारी आरएनएस भदौरिया ने बुधवार को बताया कि शिवसेना की प्रदेश इकाई के पूर्व प्रमुख 70 वर्षीय रमेश साहू इंदौर-खंडवा रोड पर उमड़ीखेड़ा गांव में ढाबा चलाते थे।

शिवसेना की मध्यप्रदेश इकाई के पूर्व प्रमुख की अज्ञात बदमाश ने मंगलवार देर रात यहां गोली मारकर हत्या कर दी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। तेजाजी नगर के थाना प्रभारी आरएनएस भदौरिया ने बुधवार को बताया कि शिवसेना की प्रदेश इकाई के पूर्व प्रमुख 70 वर्षीय रमेश साहू इंदौर-खंडवा रोड पर उमड़ीखेड़ा गांव में ढाबा चलाते थे। इसी ढाबे में मंगलवार देर रात अज्ञात बदमाश ने उनके सीने पर गोली मारकर उनकी जान ले ली।
उन्होंने बताया, “हत्या की वजह का अब तक पता नहीं चल सका है। हम मामले की जांच चल रही है।” भदौरिया ने बताया कि साहू इन दिनों शिवसेना में सक्रिय नहीं थे। हत्याकांड को लेकर उनके परिजन और करीबी लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि वारदात के संबंध में सुराग मिल सके।
पुलिस के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कल रात 70 वर्षीय साहू की हत्या का मामला प्रकाश में आया है। शिवसेना की मध्यप्रदेश इकाई के वर्ष 1991 से 2001 तक प्रदेश अध्यक्ष रहे  साहू बीते कुछ वर्षों से राजनीतिक गतिविधियों से दूर होकर, यहां तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में ढाबा संचालित कर रहे थे। कल रात यहां अज्ञात बदमाशों ने उनकी हत्या कर दी है।
घटना कल रात डेढ़ से ढाई बजे के बीच की है। घटना के समय  साहू के साथ उनकी पत्नी और बेटी मौजूद थे। प्रथम दृष्टया वारदात को लूट की नीयत अंजाम देने से जोड़कर पुलिस देख रही है। इसके साथ ही साहू के आपराधिक रिकार्ड को देखते हुए आपसी रंजिश जैसे बिंदुओं पर भी पुलिस जांच कर रही है।

Desk Team