शिवराज सिंह ने जीतू पटवारी के आरोपों को किया खारिज, बोले-कांग्रेस में आपस में ही मची हुई मारामारी

Summary :

शिवराज सिंह ने कहा, यह मामला उनके घर का है, और आरोप हम पर लगते हैं। उनका काम केवल आरोप लगाना है। कांग्रेस में अब इतने गुट हैं कि आपस में ही मारामारी मची हुई है।

मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार के मंत्री जीतू पटवारी द्वारा बीजेपी पर लगाए गए गंभीर आरोपों पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का बुधवार को बयान सामने आया है। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को उनका (कांग्रेस) आपसी मामला बताते हुए बीजेपी का किसी भी गतिविधि में शामिल से साफ़ इंकार किया है।
उन्होंने कहा, यह मामला उनके घर का है, और आरोप हम पर लगते हैं। उनका काम केवल आरोप लगाना है। कांग्रेस में अब इतने गुट हैं कि आपस में ही मारामारी मची हुई है। हम ऐसी किसी भी गतिविधि में शामिल नहीं हैं, लेकिन अपने बोझ से अगर कुछ होता है तो वो जाने। 

MP की कमलनाथ सरकार ने BJP पर लगाया कांग्रेस के 8 विधायकों को बंधक बनाने का आरोप

दरअसल, कमलनाथ सरकार के कई मंत्रियो ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर विधायकों को गुरुग्राम के होटल में बंधक बनाने का आरोप लगाया है। इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भी बीजेपी पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया। 
वहीं जीतू पटवारी ने इस सब के पीछे शिवराज सिंह चौहान को मास्टरमाइंड बताया। उन्होंने कहा, शिवराज सिंह चौहान के अब कई वीडियो और ऑडियो वायरल हो रहे हैं जो हर चीज में अपनी भूमिका को प्रकट करते हैं। मध्यप्रदेश की सरकार को कोई खतरा नहीं है।

Desk Team