लफ्फाजियों के बहकावे में नहीं आएगी बिहार की जनता, होगा नेतृत्व परिवर्तन : शिवसेना

Summary :

शिवसेना ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नीत गठबंधन बिहार विधानसभा चुनाव जीतेगा। साथ ही मुखपत्र सामना में अमेरिका के राष्ट्रपति और बिहार विधानसभा चुनाव पर संपादकीय लिखकर बीजेपी और नीतीश कुमार पर हमला बोला है।

शिवसेना ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नीत गठबंधन बिहार विधानसभा चुनाव जीतेगा। साथ ही मुखपत्र सामना में अमेरिका के राष्ट्रपति और बिहार विधानसभा चुनाव पर संपादकीय लिखकर बीजेपी और नीतीश कुमार पर हमला बोला है। 
शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ के संपादकीय में दावा किया गया है कि बिहार में चुनाव से पहले राजद नेता तेजस्वी यादव की रैलियों को उनके राजनीतिक विरोधियों की तुलना में अच्छी प्रतिक्रिया मिली। उसने जदयू-भाजपा गठबंधन का नाम लिये बगैर कहा, ‘‘ झूठ के गुब्बारे हवा में छोड़े गये थे लेकिन वे हवा में अपने आप ही गायब हो गये।’’ संपादकीय में कहा गया, ‘‘ संकेत स्पष्ट है कि बिहार में नेतृत्व परिवर्तन होगा जैसा अमेरिका में हुआ।’’   
शिवसेना ने संपादकीय में आगे लिखा, ”तेजस्वी की सभाओं में जनसागर उमड़ रहा था और प्रधानमंत्री मोदी तथा नीतीश कुमार जैसे नेता बोल रहे थे। बिहार में फिर से जंगलराज आएगा, ऐसा डर दिखाया गया। लेकिन लोगों ने स्पष्ट कह दिया कि पहले तुम जाओ, जंगलराज आया भी तो हम निपट लेंगे। अमेरिका और बिहार की जनता का जितना अभिनंदन किया जाए, उतना कम ही है।”
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव पर लिखते हुए शिवसेना ने संपादकीय में कहा है कि ट्रंप ने सत्ता में आने के लिए लफ्फाजियों की बरसात कर डाली। वे एक भी आश्वासन और वचन पूरा नहीं कर पाए। अमेरिका में बेरोजगारी महामारी कोरोना से भी कहीं ज्यादा है। लेकिन उसका रास्ता खोजने की बजाय ट्रंप फालतू के मजाक आदि पर ही ध्यान देते रहे। आखिरकार, लोगों ने उन्हें घर भेज दिया। इसके साथ ही ट्रंप ने कुछ ऐसे भी फालतू बयान दिए कि अगर हम नहीं जीते तो चीन को फायदा होगा। शिवसेना ने इन सबके अलावा भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमला बोला है। 

Ujjwal Jain