सिक्किम के मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग ने शनिवार को ‘एक परिवार, एक नौकरी’ योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत राज्य के उस प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी, जिस परिवार का कोई सदस्य सरकारी नौकरी में नहीं है। स्वतंत्र भारत में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री का कीर्तिमान बना चुके चामलिंग ने पलजोर स्टेडियम में आयोजित रोजगर मेला 2019 के दौरान इस योजना का शुभारंभ किया और राज्य के 32 विधानसभा क्षेत्रों से एक-एक व्यक्ति को अस्थायी नियुक्ति पत्र सौंपा।
चामलिंग की सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट सरकार ने घोषणा की है कि इस योजना के तहत 20,000 युवाओं को तुरंत अस्थायी नौकरी दी जाएगी। ‘पवन चामलिंग जिंदाबाद’ के नारों के बीच मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि फिलहाल की जा रही अस्थायी नियुक्तियों को अगले पांच वर्षों में नियमित किया जाएगा और सभी लाभार्थी स्थायी कर्मचारी बन जाएंगे। 12 सरकारी विभागों में नई भर्तियां की जा रही हैं। दो घंटे के भाषण के दौरान चामलिंग ने कहा, ‘यह हमारे लिए बहुत गर्व और हमारे राज्य के युवाओं के लिए खुशी का एक अवसर है।’


Download Android App
Download iOS App



