देहरादून/चमोली : उत्तराखंड के उंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश तथा ओलावृष्टि होने से कडा़के की ठंड की मार झेल रहे राज्य में ठिठुरन और बढ़ गयी है। मौसम विभाग की राज्य में भारी हिमपात और बारिश की चेतावनी के मददेनजर कई जिलों के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को मंगलवार को बंद रखा गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के उंचाई वाले हिस्सों में जमकर बर्फबारी हो रही है। गढ़वाल और कुमाऊं के कई जिलों की चोटियां बर्फ से लदकद हो गई हैं। पहाड़ों में लगातार हो रही बर्फबारी का पर्यटक जमकर लुत्फ उठा रहे हैं, लेकिन भारी बर्फबारी राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। चमोली में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत और 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार चमोली जिले में बर्फ में फिसलने से एक मैक्स वाहन दुर्घंटनाग्रस्त हो गया।
हादसे में एक महिला और पुरुष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक हादसा घाट-चरबंग मोटरमार्ग पर हुआ। वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से 400 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गया। दोनों मृतक और एक घायल को ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से खाई से निकाला गया। घायल चालक को नजदीकी अस्पताल पहुंचाने के बाद डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर किया। मृतकों के नाम लक्ष्मी देवी (42) निवासी बांगाली गांव विकासखंड घाट, राजेन्द्र सिंह (चालक) 45 वर्ष निवासी घाट बांगाली हैं।
घायल का नाम हरपाल सिंह (24) निवासी घाट बंगाली गांव। बताया गया कि तीनों चरबंग गांव में शादी के कार्ड बांटने जा रहे थे। वहीं चमोली देवाल विकासखंड के वांण गांव में बर्फ में जिप्सी फिसल गई। हादसे में वांण गांव के पुष्कर राम (35) पुत्र राम लाल की माैत हाे गई। पटवारी प्रमाेद नेगी ने बताया कि जिप्सी में 4 लाेग सवार थे।
पुष्कर राम की मौत अस्पताल ले जाते वक्त हुई। अन्य को हल्की चाेट आई हैं। आपदा प्रबंधन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, बर्फ के कारण कुंड से चमोली के बीच ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के अलावा उखीमठ चोपता मार्ग भी बंद हो गया है । इन मार्गों को खोलने के प्रयास जारी हैं ।


Download Android App
Download iOS App



