देहरादून : उत्तराखंड से दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर जाने वाली परिवहन निगम की बसों का किराया जल्द बढ़ जाएगा। इसका कारण हाल में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम बोर्ड द्वारा बसों के किराये में दस पैसे प्रति किलोमीटर की दर से वृद्धि करना है। इसका असर उत्तराखंड पर भी पड़ेगा।
उत्तराखंड परिवहन निगम की बसें भी उत्तर प्रदेश की सीमा में जितने किलोमीटर चलेंगी, उसी हिसाब से किराया अधिक देना होगा। इससे साधारण बस से दिल्ली का सफर 15 रुपये और वॉल्वो का सफर 45 रुपये तक महंगा हो जाएगा। हालांकि, उत्तराखंड की अपनी सीमा के भीतर किराये में फिलहाल किसी तरह की बढ़ोतरी नहीं होगी। उत्तराखंड परिवहन निगम की बसें उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों के लिए संचालित होती हैं।
उत्तराखंड से दिल्ली जाने के लिए भी बसों को उत्तर प्रदेश के 150 किमी का सफर तय करना पड़ता है। इसके अलावा उत्तराखंड से लखनऊ, कानपुर, आगरा, मुरादाबाद, बरेली आदि स्थानों के लिए बसों का संचालन होता है। उत्तराखंड में देहरादून-रामनगर मार्ग का एक बड़ा भाग भी उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है।
हाल में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम बोर्ड ने परिवहन निगम की बसों का किराया बढ़ाने का निर्णय लिया है। माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में इस संबंध में शासनादेश इसी सप्ताह जारी हो जाएगा और उसी दिन से उत्तराखंड से दिल्ली व उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों का सफर भी महंगा हो जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



