गांधीनगर : दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ 6 महीने बाद फिर से 17 अक्टूबर से जनता के लिए खुलने जा रही है। यह दिन नवरात्रि के त्योहार का पहला दिन भी है। देश में प्रमुख पर्यटक आकर्षणों को फिर से खोलने के निर्णय के तहत सरदार सरोवर नर्मदा निगम लिमिटेड (एसएसएनएनएल) ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को जनता के लिए फिर से खोलने का फैसला किया है।
अधिकारियों ने पहले ही केवड़िया साइट के अन्य आकर्षणों जैसे जंगल सफारी, बच्चों के पार्क, एकता मॉल और अन्य जगहों को फिर से खोल दिया था। अधिकारियों के अनुसार इन सभी को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को फिर से खोलने के लिए कोविड-19 दिशानिर्देशों के सख्ती से पालन को सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। सोशल डिस्टेंसिंग मानदंडों को पूरा करने के लिए यहां रोजाना केवल ढाई हजार आगंतुकों की संख्या ही सुनिश्चित की गई है, इसमें से भी केवल 500 आगंतुकों को ही 193 मीटर उंची गैलरी तक जाने की अनुमति होगी।
टिकट दो घंटे के स्लॉट में उपलब्ध होंगी और इन्हें अधिकृत टिकट वेबसाइट एसओयूटिकट डॉट इन से लिया जा सकेगा। टिकट खिड़कियों से टिकट जारी नहीं की जाएंगी। आगंतुकों को सभी बुनियादी कोविड प्रोटोकॉल जैसे मास्क पहनना, हैंड सैनिटाइजेशन, सोशल डिस्टेंसिंग आदि का पालन करना अनिवार्य होगा।
बता दें कि 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केवड़िया साइट के दौरा करने की उम्मीद है।


Download Android App
Download iOS App



