गिरिडीह : संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के समर्थन में भाजपा द्वारा यहां आयोजित एक रैली पर पथराव किया गया जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिये पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह घटना पदम चौक इलाके की है जब जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा कार्यकर्ता सीएए के समर्थन में जुलूस निकाल रहे थे।
पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र झा ने कहा, “कुछ असामाजिक तत्वों ने भाजपा के जुलूस पर पथराव किया। कुछ पुलिसकर्मी और रैली में शामिल कुछ लोग इसमें मामूली रूप से घायल हो गए जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिये पुलिस को आंसूगैस के गोले छोड़ने के लिये मजबूर होना पड़ा।”
गिरिडीह के उपायुक्त (डीसी) राहुल कुमार सिन्हा मौके पर पहुंचे और एसपी के साथ वहीं कैंप कर रहे हैं। रैली में शामिल हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय ने संवाददाताओं को बताया कि सीएए किसी भी भारतीय नागरिक के खिलाफ नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



