पश्चिम बंगाल में बीजेपी अध्यक्ष की कमान संभालते ही सुकांता मजूमदार राज्य की सत्ताधारी पार्टी टीएमसी पर हमलावर हुए। मजूमदार ने टीएमसी को परिवार के स्वामित्व वाली संपत्ति करार दिया। इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी छोड़ टीएमसी का दामन थामने वालों पर ज़ोरदार हमला करते हुए कहा कि कोई भी, किसी भी दाल में शामिल होकर बीजेपी को नुकसान नहीं पहुंचा सकता।
राजनीतिक दल की आड़ में परिवार के स्वामित्व वाली संपत्ति बन गई TMC
मजूमदार ने मंगलवार को कहा कि टीएमसी एक राजनीतिक दल की आड़ में परिवार के स्वामित्व वाली संपत्ति बन गई है। फिर भी बीजेपी वह पार्टी है जो आम लोगों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देती है। मैं उन लोगों को धन्यवाद देता हूं जो पश्चिम बंगाल को अफगानिस्तान बनने से बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
BJP छोड़ TMC में जाने वालों पर सुकांत मजूमदार का हमला
बीजेपी छोड़ने वालों पर तंज कसते हुए मजूमदार ने कहा, अगर कुछ लोग सोचते हैं कि बीजेपी छोड़कर वे पार्टी खत्म कर देंगे, तो ऐसा नहीं होगा। कोई भी, किसी भी अन्य दल में शामिल होकर हमें नुकसान नहीं पहुंचा सकता। यदि हमने कोई गलती की है तो हम उसे सुधार कर आगे बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा, पश्चिम बंगाल में ‘तालिबान’ के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रखनी है। अगर टीएमसी ने हमें स्थानीय निकाय चुनावों में केंद्रीय बलों का उपयोग करके वोट देने की हिम्मत दी, तो हम उन्हें दिखाएंगे कि बीजेपी क्या कर सकती है।
BJP छोड़ TMC में शामिल होने वाला सबसे बड़ा नाम ‘बाबुल सुप्रियो’
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद से बीजेपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीजेपी छोड़ टीएमसी में शामिल होने का सिलसिला जारी हैं। इसमें सबसे बड़ा नाम पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद बाबुल सुप्रियो का नाम शामिल है। राजनीति से सन्यास लेने का ऐलान कर चुके बाबुल ने टीएमसी में शामिल होकर बीजेपी को तगड़ा झटका दिया है।
गौरतलब है कि बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सोमवार को सांसद सुकांता मजूमदार को पश्चिम बंगाल की इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया जबकि इस राज्य के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष और उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया है।


Download Android App
Download iOS App



