मध्य प्रदेश के उज्जैन में कोरोना वायरस का एक संदिग्ध मरीज मिला है, उसे अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड में रखा गया है, जहां उसका इलाज जारी है। वायरस की पुष्टि के लिए नमूना जांच के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (एनआईवी) पुणे भेजा गया है।
स्वास्थ्य अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, उज्जैन निवासी छात्र चीन के वुहान में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है और यहां लौटा है। भारत के हवाईअड्डों पर जब चीन से लौट रहे लोगों की स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई, उसके पहले ही वह उज्जैन आ चुका था। उसे सर्दी, जुकाम व बुखार की तकलीफ है। कुछ दिन तक घर में रहने के बाद अब उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महावीर खंडेलवाल ने बताया है कि, छात्र को माधव नगर के अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड में रखा गया है, वायरस की पुष्टि के लिए सैंपल को पुणे जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। ज्ञात हो कि, चीन में घातक कोरोना वायरस की गिरफ्त में बड़ी संख्या में लोग है और मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी के चलते चीन से आने वालों की भारत में स्क्रीनिंग हो रही है।


Download Android App
Download iOS App



