तमिलनाडु में रविवार को संक्रमण के 6,986 नए मामले सामने आने के साथ ही कोविड-19 मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 2,13,723 हो गई जबकि 85 और मरीजों की मौत के साथ ही मरने वालों की संख्या बढ़कर 3,493 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के एक बुलेटिन में कहा गया कि नए मरीजों में से सात विदेश से आए हैं जबकि 68 अन्य राज्यों से हैं।
इसमें कहा गया कि चेन्नई में 1,155 मामले सामने आए जबकि तीन पड़ोसी जिलों चेंगलपेट में 501, कांचीपुरम में 363 और तिरुवल्लूर में 480 नए मरीज मिले। राज्य में सामने आए कुल मामलों में से अकेले चेन्नई में 94,695 मामले मिले हैं।
बुलेटिन के मुताबिक महामारी से जान गंवाने वालों में तिरुवन्नामलाई में 37 दिन का एक बच्चा भी शामिल है जिसका वजन जन्म के समय ही कम था, इसके अलावा 15 वर्षीय एक लड़की और 28 साल के एक युवक की भी इस बीमारी से जान गई है। जान गंवाने वाले 75 लोग पहले से अन्य बीमारियों से ग्रस्त थे जबकि 10 को कोई बीमारी नहीं थी।
राज्य में इस बीमारी से हुई कुल 3494 मौतों में से अकेले चेन्नई में 2011 लोगों की जान गई है। राज्य में रविवार को 64,129 नमूनों की जांच की गई जबकि अब तक कुल 23,51,463 नमूनों की जांच की जा चुकी है। राज्य में फिलहाल 116 कोविड जांच केंद्र काम कर रहे हैं।
राज्य में आज ठीक होने के बाद विभिन्न अस्पतालों से 5471 लोगों को छुट्टी दे दी गई जिसके बाद अब 53,703 लोगों का उपचार चल रहा है। अब तक राज्य में 1,56,526 मरीज इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



