बिहार चुनाव में NDA की जीत पर बोले पलानीस्वामी-जनता का गठबंधन पर विश्वास बरकरार

Summary :

एनडीए की जीत पर खुशी प्रकट करते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने बुधवार को कहा कि इस पूर्वी राज्य में लोगों का गठबंधन पर भरोसा बरकरार है।

बिहार में सत्ता विरोधी लहर और विपक्ष की कड़ी चुनौती को पार करते हुए नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 243 सीटों में से 125 सीटों पर जीत प्राप्त कर बहुमत का जादुई आंकड़ा हासिल कर लिया है। एनडीए की इस जीत पर खुशी प्रकट करते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने बुधवार को कहा कि इस पूर्वी राज्य में लोगों का गठबंधन पर भरोसा बरकरार है। 
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सुशासन के चलते राज्य प्रगति की राह पर है। द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन ने भी नीतीश कुमार को एक बार फिर बिहार का मुख्यमंत्री चुने जाने पर ”हार्दिक” बधाई दी। बीजेपी और नीतीश कुमार नीत जेडीयू के गठबंधन ने बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा की 125 सीटों पर जीत हासिल कर राज्य में सत्ता बरकरार रखी है। 
वहीं राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता तेजस्वी यादव नीत विपक्षी दलों के महागठबंधन को 110 सीटों पर जीत हासिल हुई है। पलानीस्वामी ने ट्वीट किया, ”सुशासन राज्य को प्रगति पर ले जाता है। बिहार की जनता का एनडीए पर भरोसा बरकरार है। मेरी ओर से एनडीए को हार्दिक बधाई। बिहार की जनता को शुभकामनाएं।” 
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष स्टालिन ने भी ट्वीट किया, ”नीतीश कुमार को एक बार फिर बिहार का मुख्यमंत्री चुने जाने पर बधाई।” उन्होंने एक और ट्वीट किया, ”बिहार में राजद के सबसे अधिक सीटें जीतने से लोकतंत्र में विश्वास और मजबूत हुआ है। मैं आरजेडी के नेतृत्व के लिए तेजस्वी यादव को हार्दिक बधाई देता हूं। द्रमुक की ओर से मैं आरजेडी को उज्जवल भविष्य के लिये शुभकामनाएं देता हूं।” 

Desk Team